कॉमेडियन समय रैना का शो इंडियाज गॉट लैटेंट इन दिनों सुर्खियों में है। उनका शो युवाओं के लिए मनोरंजन का जरिया जरूर है, लेकिन शो पर अश्लीलता की हदें पार करने का आरोप लगाने वालों की संख्या भी कम नहीं है। इसी बीच एक बार फिर शो विवादों में आ गया है। समय के शो का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है।
इंडियाज गॉट लैटेंट के लेटेस्ट शो में आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्व मखीजा जैसे लोग जज के तौर पर नजर आए। इसके अलावा शो में पॉपुलर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया भी नजर आए। शो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अपूर्व और रणवीर की कॉमेडी पर नाराजगी जताई। आइए जानते हैं उन्होंने ऐसा क्या कहा कि लोगों ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रणवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज
ई-टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शो में अभद्र भाषा के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर सोमवार को मुंबई कमिश्नर और महाराष्ट्र महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। आपको बता दें कि इस शिकायत के जरिए यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्व मखीजा, कॉमेडियन समय रैना और इंडियाज गॉट लेटेंट के आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इस टिप्पणी से मच गया बवाल
यह पहली बार नहीं है जब समय रैना के शो पर भाषा की मर्यादा लांघने का आरोप लगा हो, लेकिन इस बार रणवीर और अपूर्व ने मिलकर रिश्तों की मर्यादा का भी सम्मान नहीं किया। शो का क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रणवीर इलाहाबादिया कंटेस्टेंट से उसके माता-पिता से जुड़ा अभद्र सवाल पूछते नजर आ रहे हैं, जिसे यहां लिखना उचित नहीं है।
लोगों ने इंडियाज गॉट लेटेंट शो पर कॉमेडी की आड़ में अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। वीडियो सामने आने के बाद से ही यूट्यूबर और बिजनेसमैन रणवीर इलाहाबादिया सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रहे थे। लोगों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी। इसके बाद अब वह कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का फायदा उठाने का आरोप
जाने-माने लेखक और कहानीकार नीलेश मिश्रा ने समय रैना के शो का वीडियो एक्स पर शेयर किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शो में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर कुछ भी किया जा रहा है, जो बिल्कुल भी सही नहीं है।
एक यूजर ने सोनी टीवी पर भी सवाल उठाया है, क्योंकि हाल ही में समय रैना कौन बनेगा करोड़पति में नजर आए थे। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर इस बात पर बहस देखने को मिल रही है कि आखिर ऐसे लोगों को लोकप्रिय टीवी शो में क्यों बुलाया जाता है।
+ There are no comments
Add yours